आगरा। जिले के कागारौल थाना क्षेत्र के रिठौरी गांव में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर से ईको कार में गैस रिफिलिंग के दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें पास में रखे भूसे तक पहुंच गईं, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ईको कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास के क्षेत्र में फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर घरेलू गैस सिलेंडर से गैस रिफिलिंग के दौरान रिसाव के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
