Homeदेश विदेशमोदी सरकार के 12 वर्ष पर यूपी में मेगा अभियान, गांव-गांव पहुंचेंगे...

मोदी सरकार के 12 वर्ष पर यूपी में मेगा अभियान, गांव-गांव पहुंचेंगे मंत्री और अधिकारी

लखनऊ। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 5 से 21 जून तक व्यापक जनभागीदारी अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर चौपाल, पदयात्रा, जनसंवाद और रात्रि प्रवास के माध्यम से जनता से संवाद स्थापित करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था, आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 जून को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेश में कम से कम पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान अवधि में स्वच्छता कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाए। 14 से 16 जून तक विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेलों का आयोजन कर पात्र एवं वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल आयोजित कर जनसमस्याओं के समाधान और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के महानिदेशक ने बताया कि आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष बसों का संचालन भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती परीक्षा के दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular