लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ मेट्रो महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल करने जा रही है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) 5 जून से महिलाओं के लिए विशेष ईवी बाइक फीडर सेवा ‘मायदीदी’ का शुभारंभ करेगा। इस सेवा की सबसे खास बात यह है कि बाइक चालक और यात्री दोनों महिलाएं ही होंगी।
सेवा का उद्घाटन 5 जून को सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार द्वारा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य महिला यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती लास्ट माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।
‘मायदीदी’ सेवा के तहत महिला यात्री मेट्रो स्टेशन से 5 किलोमीटर तक की दूरी मात्र 15 रुपये में तय कर सकेंगी। वहीं, सेवा के शुभारंभ के अवसर पर 5 जून से 13 जून तक सभी महिला यात्रियों के लिए यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क रहेगी।
इसके अलावा उद्घाटन दिवस पर सेवा का उपयोग करने वाली पहली 10 महिला यात्रियों को विशेष उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।
UPMRC के अनुसार यह पहल महिलाओं को सुरक्षित यात्रा का विकल्प देने के साथ-साथ उन्हें रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी। इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
पहले चरण में इन चार मेट्रो स्टेशनों से मिलेगी सुविधा:
विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन
आईटी कॉलेज मेट्रो स्टेशन
भूतनाथ मेट्रो स्टेशन
मेट्रो स्टेशन कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशन प्रशासन का मानना है कि ‘मायदीदी’ सेवा से यात्रियों को स्टेशन से घर, कार्यालय या अन्य गंतव्यों तक पहुंचने में आसानी होगी और महिलाओं के लिए सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन का दायरा और मजबूत होगा।
