Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी ने किए मां पाटेश्वरी के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की...

मुख्यमंत्री योगी ने किए मां पाटेश्वरी के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

 गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती कर मां पाटेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बलरामपुर दौरे पर पहुंचे थे। यहां विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद उन्होंने मां पाटेश्वरी मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह उन्होंने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण की प्रार्थना की।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

इस दौरान मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनसे संवाद किया। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संत-महात्माओं से मुलाकात कर उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गो माता को गुड़ और हरा चारा खिलाकर गोसेवा की तथा गो संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ सेवा का विशेष स्थान है और प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन कार्यक्रम के दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास जी महाराज, विधायक पलटूराम, कैलाश नारायण शुक्ल समेत अनेक जनप्रतिनिधि, संत और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मंदिर में पूजा-अर्चना और जनसंपर्क कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोंडा के लिए रवाना हो गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular