गोंडा, 6 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब वह दौर समाप्त हो चुका है जब त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में बाधाएं उत्पन्न की जाती थीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और अराजकता का माहौल आम बात थी, लेकिन आज कानून व्यवस्था मजबूत है और यदि कोई उत्सव के रंग में भंग डालने की कोशिश करेगा तो उसका वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री शनिवार को गोंडा जनपद के कटरा विधानसभा क्षेत्र और करनैलगंज में कुल 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कटरा क्षेत्र में 256 करोड़ रुपये तथा करनैलगंज में 260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया।
2017 से पहले दंगों और कर्फ्यू का माहौल था
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2015-16 में दुर्गा पूजा और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान गोंडा में दंगे भड़काने की कोशिशें होती थीं। मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन तक नहीं होने दिया जाता था और रामलीला आयोजनों में भी व्यवधान डाले जाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की सरकारें दंगाइयों और पेशेवर गुंडों के सामने नतमस्तक रहती थीं, जिसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में महीनों तक कर्फ्यू जैसी स्थिति बनी रहती थी।
अब हर जिले तक पहुंच रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद विकास का लाभ प्रदेश के सभी 75 जिलों, 350 तहसीलों, 826 विकास खंडों, 762 नगर निकायों और 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि अब विकास किसी एक क्षेत्र या परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि बिना किसी भेदभाव के सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
गोंडा की पहचान बदली
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा के युवा ऊर्जावान हैं, किसान मेहनती हैं और यहां की बहन-बेटियां प्रतिभा से भरपूर हैं। लेकिन वर्षों तक तुष्टिकरण, जातिवाद, भाई-भतीजावाद और अराजकता के कारण जनपद अपेक्षित विकास से वंचित रहा। आज वही गोंडा विकास की नई इबारत लिख रहा है।
यूपी वालों का बढ़ा सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश के युवाओं को दूसरे राज्यों में संदेह की नजर से देखा जाता था। रोजगार के अवसर सीमित थे और पहचान का संकट था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के कारण आज उत्तर प्रदेश का नाम सुनते ही लोगों का नजरिया बदल गया है और प्रदेश के युवाओं का सम्मान बढ़ा है।
बिना भेदभाव मिल रही सरकारी नौकरियां
उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस की 60,244 भर्तियों में गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच और बलरामपुर के हजारों युवाओं को अवसर मिला है। अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और किसी भी वर्ग या क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जाता।
गोंडा में भी पहुंच रहा निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब निवेश केवल नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ तक सीमित नहीं है। गोंडा जैसे जिलों में भी उद्योग और निवेश पहुंच रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जाति, मत और संप्रदाय से ऊपर उठकर पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
राम मंदिर निर्माण का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब रामभक्तों को अयोध्या जाने से रोका जाता था। राम का नाम लेने पर लाठी और गोलियां चलती थीं। आज स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि अब अयोध्या में रामभक्त सम्मान के साथ जाते हैं और राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बन चुका है।
कमल का बटन दबाने का मिला परिणाम
मुख्यमंत्री ने जनता से कहा कि लोकतंत्र में सही नेतृत्व चुनने का सीधा लाभ जनता को मिलता है। उन्होंने कहा कि जब लोगों ने कमल का बटन दबाकर भाजपा को समर्थन दिया तो प्रदेश में विकास परियोजनाएं, गरीब कल्याण योजनाएं, रोजगार के अवसर और विरासत के संरक्षण के कार्य तेजी से आगे बढ़े। उन्होंने इसे मां लक्ष्मी के आशीर्वाद के समान बताया।
मेडिकल कॉलेजों का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित था, लेकिन अब गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। आज लगभग हर जिले में मेडिकल और तकनीकी शिक्षा के नए संस्थान विकसित किए जा रहे हैं।
सुहेलदेव और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं को करारा जवाब देकर राष्ट्र की रक्षा की थी। उन्होंने कहा कि गोंडा की धरती भी स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की साक्षी रही है और यह क्षेत्र राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है।
21 जून तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य शिविर, कृषि मेले, ऋण मेले और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम विकास खंड स्तर तक संचालित किए जाएंगे।
प्राकृतिक खेती और सौर ऊर्जा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा में प्राकृतिक खेती का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। किसानों को रासायनिक खेती से आगे बढ़कर प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित विकास को बढ़ावा मिलेगा।
