Homeउत्तर प्रदेशLucknow डीएम से छात्रा की भावुक अपील: “सर, हमारा स्कूल बचा लीजिए”,...

Lucknow डीएम से छात्रा की भावुक अपील: “सर, हमारा स्कूल बचा लीजिए”, 243 बच्चों की पढ़ाई पर संकट

लखनऊ के नरही स्थित विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल को लेकर चल रहे विवाद के बीच कक्षा नौ की छात्रा तनिशा ने जिलाधिकारी विशाख जी. को भावुक पत्र लिखकर विद्यालय को बचाने की गुहार लगाई है। पिछले वर्ष इंस्पायर अवॉर्ड से सम्मानित हुई तनिशा ने अपने पत्र में कहा कि यदि स्कूल बंद हो गया तो न केवल उसकी बल्कि 243 विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य पर संकट आ जाएगा।

तनिशा ने पत्र में यह भी लिखा कि इंस्पायर अवॉर्ड के तहत मिली 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी वह विद्यालय को बचाने के लिए देने को तैयार है। उसकी यह अपील अब सैकड़ों बच्चों और उनके अभिभावकों की चिंता का प्रतीक बन गई है।

दरअसल, किरायेदारी विवाद के चलते गुरुवार को एडीएम महेंद्र पाल के आदेश पर पुलिस की मौजूदगी में विद्यालय परिसर खाली कराया गया था। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान हुई इस कार्रवाई में स्कूल के दस्तावेज, फर्नीचर, कंप्यूटर, पंखे और अन्य शैक्षिक सामग्री को भी परिसर से बाहर निकाल दिया गया।

शनिवार को विद्यालय के बाहर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों का जमावड़ा लगा रहा। हाथों में तख्तियां लेकर बच्चे अपने स्कूल को बचाने की मांग कर रहे थे। कई छात्राओं की आंखें नम थीं, जबकि अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य को लेकर गहरी चिंता जताई।

विद्यालय की प्रबंधिका संतोष रस्तोगी ने बताया कि वर्ष 1936 से संचालित यह संस्थान हजारों छात्राओं को शिक्षा दे चुका है। उनका आरोप है कि विद्यालय को बंद करने की कोशिश की जा रही है। वहीं प्रधानाचार्य रश्मि यादव के अनुसार विद्यालय में वर्तमान में 243 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं।

अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चों की शिक्षा का यही प्रमुख आधार है। यदि विद्यालय बंद होता है तो कई बच्चों की पढ़ाई बाधित हो जाएगी और परिवारों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी।

मामले को राजनीतिक और सामाजिक समर्थन भी मिलने लगा है। लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा प्रदर्शन स्थल पहुंचे और विद्यालय को बचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखने का आश्वासन दिया।

वहीं शिक्षक संगठनों ने भी आंदोलन की चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी, महासचिव आशीष कुमार सिंह सहित कई शिक्षक नेताओं ने कहा कि यदि सोमवार तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular