गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच घरों का तापमान भी तेजी से बढ़ जाता है। राहत पाने के लिए अधिकांश लोग दिन-रात एसी चलाते हैं, लेकिन इससे बिजली का बिल बढ़ने के साथ-साथ सेहत पर भी असर पड़ सकता है। इंटीरियर डिजाइन विशेषज्ञों के अनुसार कुछ पारंपरिक और प्राकृतिक उपाय अपनाकर घर को बिना ज्यादा बिजली खर्च किए भी ठंडा रखा जा सकता है।
. वर्किंग विंडो शटर लगाएं
विशेषज्ञों का मानना है कि खिड़कियों के बाहर लगाए जाने वाले ऐसे शटर, जिन्हें पूरी तरह बंद किया जा सके, गर्मी रोकने का प्रभावी तरीका हैं। दोपहर में जिस दिशा से तेज धूप आती हो, उस ओर के शटर बंद करने से गर्मी खिड़की तक पहुंचने से पहले ही रुक जाती है। यह तरीका सामान्य पर्दों की तुलना में अधिक असरदार माना जाता है।
. हल्के और नेचुरल फैब्रिक्स चुनें
गर्मियों में भारी और मोटे कपड़ों की जगह सूती (कॉटन) और लिनन जैसे हल्के फैब्रिक्स का इस्तेमाल करना बेहतर होता है। ये कपड़े हवा के प्रवाह को बनाए रखते हैं और घर के भीतर हल्का व आरामदायक माहौल तैयार करते हैं। पर्दे, कुशन कवर और सोफा कवर को भी हल्के फैब्रिक्स से बदलना फायदेमंद हो सकता है।
छत को दें आसमानी नीला रंग
कई देशों में बरामदे और बालकनी की छत को ‘हेंट ब्लू’ या आसमानी नीले रंग से रंगने की परंपरा है। यह रंग आंखों को खुला आसमान होने का एहसास कराता है, जिससे जगह ज्यादा खुली और ठंडी महसूस होती है। यह एक मनोवैज्ञानिक प्रभाव है, जो गर्मी के एहसास को कम करने में मदद करता है।
हल्के रंग के फर्श और कालीन अपनाएं
गहरे रंग गर्मी को अधिक अवशोषित करते हैं, जबकि हल्के रंग उसे परावर्तित करने में मदद करते हैं। इसलिए गर्मियों में हल्के रंग की टाइल्स, पत्थर या न्यूट्रल शेड वाले कालीन बेहतर विकल्प हो सकते हैं। जूट और ऑर्गेनिक फाइबर से बने रग्स भी घर में ठंडक और सुकून का एहसास बढ़ाते हैं।
. पर्दों की डबल लेयरिंग करें
खिड़कियों पर सोलर शेड्स और उनके ऊपर सामान्य पर्दे लगाने से सूरज की गर्म किरणों को काफी हद तक रोका जा सकता है। सोलर शेड्स गर्मी को बाहर ही रोक देते हैं, जबकि पर्दे कमरे की सुंदरता बनाए रखते हैं। इससे घर में रोशनी भी बनी रहती है और तापमान भी नियंत्रित रहता है।
. नेचुरल स्टोन का इस्तेमाल बढ़ाएं
मार्बल, ट्रैवर्टीन और अन्य प्राकृतिक पत्थर लंबे समय तक ठंडे बने रहते हैं। यही वजह है कि पुराने महलों और हवेलियों में इनका व्यापक उपयोग होता था। घर की फ्लोरिंग, किचन काउंटर, सेंटर टेबल या साइड टेबल में नेचुरल स्टोन का इस्तेमाल करने से गर्मियों में घर अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो सकता है।
इन आसान उपायों को अपनाकर आप गर्मियों में घर का तापमान कम रखने के साथ बिजली की खपत भी घटा सकते हैं। इससे न केवल खर्च कम होगा, बल्कि घर का वातावरण भी अधिक आरामदायक बना रहेगा।
