Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में आज 42 डिग्री के पार जाएगा पारा, 20 जून के...

लखनऊ में आज 42 डिग्री के पार जाएगा पारा, 20 जून के बाद मानसून पहुंचने के आसार

लखनऊ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने का अनुमान है। तड़के आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद सुबह 7 बजे के बाद तेज धूप निकल आई, जिससे दिन की शुरुआत से ही उमस और गर्मी का असर महसूस किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 71 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 26 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।

अगले कई दिन जारी रहेगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा। इसके चलते लोगों को भीषण गर्मी और लू जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

20 जून के आसपास लखनऊ पहुंचेगा मानसून

दक्षिण-पश्चिम मानसून इस वर्ष तीन दिन की देरी से 4 जून को केरल पहुंचा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मानसून 18 जून के बाद प्रवेश कर सकता है, जबकि लखनऊ में इसके 20 जून के आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, मौसम विभाग ने इस बार प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका भी व्यक्त की है। यदि ऐसा होता है तो इसका असर खेती, जल संसाधनों और पेयजल उपलब्धता पर पड़ सकता है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular