रिपोर्ट: शिवाकांत पाण्डेय
कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुर ओझवलिया गांव में खेत की सफाई के दौरान प्राचीन सिक्कों का जखीरा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में पुराने चांदी जैसे सिक्के मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और सिक्कों को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, खेत में सफाई कार्य के दौरान जमीन से अचानक पुराने सिक्के निकलने लगे। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैल गई। ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सिक्कों को पाने के लिए छीना-झपटी जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बरामद सिक्कों पर “आरबी” अंकित है, जबकि कुछ सिक्कों पर उर्दू लिपि में भी लिखावट दिखाई दे रही है। इससे इनके पुराने और ऐतिहासिक महत्व के होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने 330 सिक्के किए बरामद
घटना की सूचना मिलते ही तरयासुजान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव निवासी राधेश्याम वर्मा के घर से कुल 330 प्राचीन चांदी जैसे सिक्के बरामद किए हैं।
पुलिस ने सभी सिक्कों को कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इन सिक्कों की वास्तविक पहचान, उम्र और ऐतिहासिक महत्व का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी।
पुरातात्विक जांच के बाद होगा खुलासा
पुलिस और प्रशासन का कहना है कि बरामद सिक्कों की जांच पुरातत्व और इतिहास विशेषज्ञों से कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ये सिक्के किस कालखंड के हैं और उनका वास्तविक महत्व क्या है।
फिलहाल गांव और आसपास के क्षेत्रों में प्राचीन सिक्कों की बरामदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोग इसे वर्षों पुराने छिपे खजाने से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीण इसे ऐतिहासिक धरोहर मान रहे हैं।
