लखनऊ। राजधानी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार को फॉल सीलिंग का एक हिस्सा अचानक गिर गया। घटना उस समय हुई जब इमरजेंसी वार्ड में फायर सेफ्टी से संबंधित कार्य चल रहा था। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई मरीज या कर्मचारी घायल नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में उस समय करीब नौ मरीज भर्ती थे। सीलिंग गिरने के बाद एहतियातन पूरे वार्ड को खाली करा दिया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने बताया कि इमरजेंसी में फायर सेफ्टी का कार्य चल रहा था। सुरक्षा कारणों से वार्ड को पहले ही खाली कराया जा चुका था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है और आवश्यक मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले बीआरडी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भी पहली मंजिल के एक वार्ड में प्रसूता और नवजात के पास फॉल सीलिंग गिर गई थी। उस घटना में भी बड़ा हादसा टल गया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सरकारी अस्पतालों की भवन सुरक्षा, रखरखाव और निर्माण गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थानों में नियमित संरचनात्मक ऑडिट और सुरक्षा जांच को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
