आजकल मोबाइल, लैपटॉप और डिजिटल स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाल के कारण चश्मा पहनने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि लंबे समय तक चश्मा लगाने से कई लोगों को एक आम समस्या का सामना करना पड़ता है—नाक पर पड़ने वाले काले निशान। ये निशान चेहरे की खूबसूरती को प्रभावित करते हैं और समय के साथ गहरे भी हो सकते हैं।
रामपुर के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद इकबाल बताते हैं कि चश्मे के फ्रेम का लगातार दबाव और त्वचा पर होने वाली रगड़ इन निशानों का मुख्य कारण है। खासकर पसीना आने या लंबे समय तक चश्मा पहनने से त्वचा पर घर्षण बढ़ जाता है, जिससे नाक के दोनों ओर काले धब्बे बनने लगते हैं।
क्यों बनते हैं काले निशान?
जब चश्मे का फ्रेम लगातार नाक की त्वचा पर टिका रहता है, तो उस हिस्से पर दबाव पड़ता है। समय के साथ त्वचा में पिगमेंटेशन बढ़ने लगता है और काले निशान दिखाई देने लगते हैं। संवेदनशील त्वचा वाले लोगों में यह समस्या और अधिक देखने को मिलती है।
एलोवेरा जेल करेगा मदद
एलोवेरा त्वचा को ठंडक और नमी प्रदान करता है। रोज रात को सोने से पहले प्रभावित जगह पर एलोवेरा जेल लगाने से त्वचा की मरम्मत में मदद मिलती है और काले निशान धीरे-धीरे हल्के होने लगते हैं।
आलू का रस भी है फायदेमंद
आलू में प्राकृतिक ब्लीचिंग गुण पाए जाते हैं। ताजे आलू का रस निकालकर नाक के काले निशानों पर 10 से 15 मिनट तक लगाएं और फिर साफ पानी से धो लें। नियमित इस्तेमाल से दाग कम होने लगते हैं।
शहद से मिलेगी राहत
शहद त्वचा को पोषण देने के साथ उसकी हीलिंग प्रक्रिया को भी तेज करता है। प्रभावित हिस्से पर शहद लगाकर कुछ देर छोड़ दें और फिर धो लें। इससे त्वचा मुलायम रहती है और निशान हल्के पड़ने लगते हैं।
रखें इन बातों का ध्यान
- चश्मे के फ्रेम को समय-समय पर साफ करें।
- बहुत टाइट फ्रेम पहनने से बचें।
- चेहरे और नाक की नियमित सफाई करें।
- त्वचा को मॉइस्चराइज रखें।
डॉ. मोहम्मद इकबाल के अनुसार, इन आसान घरेलू उपायों को नियमित रूप से अपनाकर नाक पर पड़े चश्मे के निशानों को काफी हद तक कम किया जा सकता है और त्वचा को स्वस्थ बनाए रखा जा सकता है।
