संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। Sambhal के कैला देवी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में लखनऊ के नखासा क्षेत्र निवासी एक ही परिवार के 11 लोग घायल हो गए, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक परिवार जम्मू-कश्मीर की यात्रा से लौटकर लखनऊ आ रहा था। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहन अचानक बेकाबू हो गया और डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल अबूबकर (40), हिना (28) और जुनैरा (15) की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
दुर्घटना के बाद राहगीरों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि कश्मीर की वादियों से लौटते समय परिवार के सदस्य घर पहुंचने की बातें कर रहे थे, लेकिन सफर की खुशियां गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे में मातम में बदल गईं। दुर्घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो, बिखरा सामान और अपनों के लिए बिलखते परिजन दर्दनाक मंजर बयां करते रहे।
सूत्रों के अनुसार हादसे में तीन लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
