HomeUncategorizedकोर्ट के आदेश के बाद वीर साहू की पहली सोशल मीडिया पोस्ट,...

कोर्ट के आदेश के बाद वीर साहू की पहली सोशल मीडिया पोस्ट, सपना चौधरी विवाद पर परिवार खामोश

हरियाणवी डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी और उनके पति वीर साहू के बीच चल रहे विवाद के बीच वीर साहू की पहली सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है। उन्होंने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की, जिसमें एक व्यक्ति उनके सिर पर पगड़ी बांधता नजर आ रहा है। वीडियो में वीर साहू मुस्कुराते दिखाई दे रहे हैं, जबकि बैकग्राउंड में नुसरत फतेह अली खान की मशहूर गजल ‘आंख उठी मोहब्बत ने अंगड़ाई ली’ बज रही है।

हालांकि, वीर साहू ने अपनी पोस्ट में चल रहे विवाद या कोर्ट के आदेश को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की। वहीं, पूरे मामले पर सपना चौधरी के सास-ससुर ने भी अब तक चुप्पी साध रखी है। परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

दरअसल, द्वारका कोर्ट की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट निधि सिंह की अदालत ने सपना चौधरी की याचिका पर सुनवाई करते हुए वीर साहू को अंतरिम रूप से सपना से मिलने और किसी भी माध्यम से संपर्क करने से रोक दिया है। अदालत ने आदेश दिया है कि अगली सुनवाई तक वह सपना के घर, कार्यस्थल या किसी अन्य स्थान पर उनसे संपर्क करने की कोशिश नहीं करेंगे।

सपना चौधरी ने अपनी याचिका में व्यक्तिगत सुरक्षा और पेशेवर जिम्मेदारियों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि उनकी आगामी फिल्म की रिलीज को देखते हुए किसी भी प्रकार की बाधा उनके कामकाज को प्रभावित कर सकती है। सपना के वकील ने अदालत में दलील दी कि तत्काल राहत नहीं मिलने पर उनकी मुवक्किल की सुरक्षा, गरिमा और पेशेवर गतिविधियों को नुकसान पहुंच सकता है।

याचिका, हलफनामे, कथित चोटों की तस्वीरों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने प्रथम दृष्टया मामला बनता हुआ पाया और अंतरिम राहत प्रदान की। साथ ही संबंधित पुलिस और प्रोटेक्शन ऑफिसर को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपना चौधरी ने अपने पति वीर साहू पर मारपीट समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि वह ससुराल छोड़ चुकी हैं। सपना चौधरी और वीर साहू ने वर्ष 2020 में प्रेम विवाह किया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular