रिपोर्ट: ममता भारद्वाज
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर गुरुवार को अखिल भारत हिंदू महासभा ने विरोध प्रदर्शन किया। संगठन की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर अपने समर्थकों के साथ सड़क पर बने गहरे गड्ढों के बीच बैठ गईं और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
बताया गया कि सुबह शताब्दी एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में पर्यटक आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे। इस दौरान मीरा राठौर और उनकी टीम ने खुदी हुई सड़क के कारण यात्रियों और पर्यटकों को सुरक्षित रास्ते से निकलवाया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान मीरा राठौर ने कहा कि यदि आगरा जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन शहर में रेलवे स्टेशन के बाहर की सड़क की स्थिति नहीं सुधारी जा सकती, तो फिर ताजमहल को पर्यटकों के लिए बंद कर देना चाहिए। उनका कहना था कि स्टेशन से निकलते ही पर्यटकों को टूटी और गड्ढों से भरी सड़क का सामना करना पड़ता है, जिससे शहर की छवि खराब हो रही है।
हंगामे की सूचना मिलते ही जीआरपी और सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम के अधिकारियों को भी बुलाया गया, जिन्हें हिंदू महासभा की ओर से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर सड़क अत्यंत जर्जर अवस्था में है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
मीरा राठौर ने कहा कि आगरा प्रतिदिन हजारों पर्यटकों की मेजबानी करता है। ऐसे में रेलवे स्टेशन के बाहर की बदहाल सड़क नगर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रही है। महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए इस मार्ग पर आवागमन विशेष रूप से जोखिमपूर्ण हो गया है। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो सकते हैं।
हिंदू महासभा ने प्रशासन से सड़क का तत्काल निरीक्षण कराकर गड्ढों को भरवाने और जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
