Homeउत्तर प्रदेशविकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश निभा रहा अग्रणी भूमिका :...

विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश निभा रहा अग्रणी भूमिका : योगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिस्सा लिया। बैठक में ‘विकसित भारत @2047 के लिए समावेशी मानव विकास’ विषय पर व्यापक चर्चा हुई, जिसमें मानव विकास, सुशासन और जनभागीदारी को विकास के प्रमुख आधार के रूप में रेखांकित किया गया।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भी इसी दृष्टि के अनुरूप प्रत्येक नागरिक के सशक्तीकरण को विकास का आधार बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परिषद की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास और सुशासन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से नई गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान और मनसुख मांडविया सहित कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहे। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी बैठक में भाग लेकर विकास से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव रखे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्यों के समन्वित प्रयासों से विकसित भारत के सपने को निर्धारित समय सीमा में साकार किया जा सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular