Homeउत्तर प्रदेशPM मोदी के 12 साल: सीएम योगी बोले- योजनाएं ही नहीं, उनके...

PM मोदी के 12 साल: सीएम योगी बोले- योजनाएं ही नहीं, उनके सफल क्रियान्वयन को भी देश ने देखा

प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कहा कि देश ने पिछले 12 वर्षों में एक नए और बदलते भारत का अनुभव किया है। उन्होंने कहा कि जब किसी देश को लोकप्रिय और दूरदर्शी नेतृत्व मिलता है तो उसके सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है। आज की युवा पीढ़ी गर्व के साथ उस भारत को देख रही है जिसने तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी शक्ति और सामर्थ्य का एहसास पूरी दुनिया को कराया है।

सीएम योगी ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश में लोगों को विभिन्न आधारों पर बांटने की राजनीति हुई, लेकिन पहली बार देश ने ऐसी सरकार देखी जिसने केवल योजनाएं बनाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके सफल क्रियान्वयन को जनांदोलन का रूप दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का कार्य अभूतपूर्व तरीके से हुआ है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के उस कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में चार प्रमुख वर्ग हैं—गरीब, महिलाएं, युवा और किसान। सरकार ने इन चारों वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को आवास उपलब्ध कराने, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा देने, मुद्रा योजना के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आस्था और आर्थिकी के संगम का नया मॉडल देखा है। वर्ष 2014 में जब मोदी ने देश की बागडोर संभाली थी तब देश की आबादी लगभग 120 करोड़ थी। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है। मुख्यमंत्री के अनुसार इसका सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को प्राप्त हुआ है।

सीएम योगी ने कहा कि कभी अराजकता, असुरक्षा, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के लिए पहचाने जाने वाले उत्तर प्रदेश ने भी प्रधानमंत्री के विजन का लाभ उठाया है। आज प्रदेश बेहतर कानून व्यवस्था, निवेश, आधारभूत ढांचे और रोजगार के अवसरों के कारण नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular