बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में आए आंधी-तूफान के बाद बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटे एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए कदम उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम भैंसेया निवासी इरफान (24) बिजली लाइन की खराबी दूर करने के लिए खंभे पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया। तेज झटके के कारण इरफान का संतुलन बिगड़ गया और वह खंभे से नीचे गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना गंभीर था कि इरफान की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि इरफान की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी।
थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
इधर, घटना को लेकर सामने आई खबरों के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पीड़ित परिवार की सहायता का आश्वासन दिया था। अब शासन की निर्धारित व्यवस्था के तहत मृतक लाइनमैन के परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही परिवार के दो सदस्यों, जिनमें मृतक की पत्नी भी शामिल हैं, को संविदा पर रोजगार देने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
