Homeउत्तर प्रदेशNEET पेपर लीक के विरोध में लखनऊ के इको गार्डन में प्रदर्शन,...

NEET पेपर लीक के विरोध में लखनऊ के इको गार्डन में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने लखनऊ के इको गार्डन में प्रदर्शन किया। दिल्ली और पुणे के बाद अब लखनऊ में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रशासन और पुलिस से अनुमति मिलने के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया।

प्रदर्शन स्थल पर सुबह से ही छात्रों की भीड़ जुटने लगी थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और अर्धसैनिक जवानों की तैनाती की गई थी। इस दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी मौजूद रहे और छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी।

प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति साधु की वेशभूषा में इको गार्डन पहुंच गया। उसने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह छात्रों को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आया है। उसने खुद को “योगी टू” बताते हुए कहा कि वह बच्चों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा। हालांकि प्रदर्शनकारी छात्रों ने उसे अपने आंदोलन से दूर रहने के लिए कहा और उसे विरोध प्रदर्शन का हिस्सा नहीं बनने दिया।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। छात्रों का आरोप है कि नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के लिए शिक्षा मंत्रालय जवाबदेह है। उनका कहना है कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

20 जून को दिल्ली में फिर प्रदर्शन की चेतावनी

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो 20 जून को दिल्ली में एक और बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट, सीबीएसई और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं में शामिल छात्रों को कई तरह की परेशानियों और अनियमितताओं का सामना करना पड़ा है, लेकिन सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular