Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी नर्सिंग छात्रा केस में बड़ा खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की...

वाराणसी नर्सिंग छात्रा केस में बड़ा खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में छात्रा के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या के साथ-साथ रेप और सबूत मिटाने की धाराएं भी जोड़ दी हैं। नामजद आरोपी मोहम्मद समीर को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए अहम तथ्य

बुधवार को छात्रा का शव एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला था। शुरुआती जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को नया मोड़ दे दिया।

एडीसीपी वरुणा जोन लिपि नागयाच के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के प्राइवेट पार्ट में गंभीर आंतरिक चोट और अत्यधिक रक्तस्राव की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, गंभीर आंतरिक क्षति और अत्यधिक ब्लीडिंग के कारण युवती की मौत हुई।

रेप और सबूत मिटाने की धाराएं बढ़ीं

पुलिस ने बताया कि शव मिलने के बाद हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर छात्रा के परिचित मोहम्मद समीर को हिरासत में लिया गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर अब मामले में दुष्कर्म और सबूत मिटाने की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छात्रा का मोबाइल फोन छिपाने की कोशिश की थी। वहीं परिजनों ने भी मोहम्मद समीर के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

गर्भावस्था और गर्भपात की चर्चाओं को पुलिस ने बताया गलत

एडीसीपी लिपि नागयाच ने स्पष्ट किया कि जांच में अब तक छात्रा के गर्भवती होने या गर्भपात से जुड़ी कोई पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर चल रही ऐसी खबरें भ्रामक हैं।

क्या है पूरा मामला?

बुधवार सुबह सारनाथ क्षेत्र के एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर नर्सिंग की छात्रा का शव मिला था। घटनास्थल पर छात्रा के निजी अंगों से अत्यधिक रक्तस्राव के निशान मिले थे। उसके बैग से कुछ दवाइयां और क्रीम भी बरामद हुई थीं, जबकि मोबाइल फोन गायब था।

पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर छात्रा के कॉलेज में पढ़ने वाले मोहम्मद समीर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular