वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। सर्किट हाउस सभागार में उन्होंने अधिकारियों और विभागीय अभियंताओं के साथ वाराणसी मंडल में लोक निर्माण विभाग (PWD) के चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता मानकों के अनुसार और तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन योजनाओं पर ध्यान देने को कहा, जिन्हें बरसात से पहले पूरा किया जाना है।
बैठक में जानकारी दी गई कि वाराणसी परिक्षेत्र में करीब 7175 करोड़ रुपये की 2630 परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें से कई कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। वहीं वाराणसी जिले में 3223 करोड़ रुपये की 421 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें कुछ कार्य पूरी तरह पूर्ण हो चुके हैं और कई 90 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं की कार्ययोजना समय पर तैयार की जाए और टेंडर प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि जिन सड़कों की मरम्मत आवश्यक है, उनका पहले सर्वे कराया जाए और नगर निगम क्षेत्र की सड़कों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को शामिल करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान चंदौली में बन रहे इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स और वाराणसी में प्रस्तावित यूनिटी मॉल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं को तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
इस समीक्षा बैठक में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
