Homeउत्तर प्रदेशजेवर के 170 किसान पहली उड़ान से पहुंचेंगे लखनऊ, सीएम योगी का...

जेवर के 170 किसान पहली उड़ान से पहुंचेंगे लखनऊ, सीएम योगी का करेंगे अभिनंदन

लखनऊ। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को एक ऐतिहासिक और भावनात्मक यात्रा की शुरुआत होने जा रही है। जेवर क्षेत्र के करीब 170 किसान और खेतिहर मजदूर, जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं, एयरपोर्ट की पहली उड़ान से लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का अभिनंदन करेंगे।

यह प्रतिनिधिमंडल उन किसान परिवारों का है जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराई थी। कभी जिन खेतों में वे खेती और मजदूरी करते थे, आज उसी जमीन पर बने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करना उनके लिए गर्व और सम्मान का क्षण है।

लखनऊ पहुंचने के बाद किसान मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और प्रदेश में हुए विकास कार्यों को लेकर अपनी भावनाएं साझा करेंगे। इस यात्रा को किसानों की विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और सरकार पर उनके विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल 20 महिला किसान इस यात्रा को और खास बना रही हैं। पहली बार विमान यात्रा करने जा रही ये महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते महिला सशक्तीकरण और समान भागीदारी का संदेश देंगी।

जेवर विधायक Dhirendra Singh ने कहा कि यह केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास का नया मॉडल प्रस्तुत कर रहा है, जिसमें किसान केवल लाभार्थी नहीं बल्कि विकास के सम्मानित साझीदार हैं।

उन्होंने कहा कि जिन पैरों में कभी खेतों की मिट्टी लगी रहती थी, आज वही विमान की सीढ़ियां चढ़ेंगे। यह किसानों के आत्मसम्मान, विश्वास और विकसित भारत के सपने को साकार करने वाली तस्वीर है।

RELATED ARTICLES

Most Popular