HomeUncategorizedNEET पेपर लीक के विरोध में वाराणसी में प्रदर्शन, पल्लवी पटेल समर्थकों...

NEET पेपर लीक के विरोध में वाराणसी में प्रदर्शन, पल्लवी पटेल समर्थकों समेत हिरासत में

NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में सोमवार को सिराथू विधायक Pallavi Patel वाराणसी पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें और उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी और जबरन धरना-प्रदर्शन करने पर कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, बीएचयू से संसदीय जनसंपर्क कार्यालय तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, निर्धारित अनुमति के बिना प्रदर्शन किए जाने के कारण पल्लवी पटेल को हिरासत में लिया गया।

इससे पहले प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पार्टी से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया था। लखनऊ से वाराणसी आ रही पल्लवी पटेल को रास्ते में भी रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह वाराणसी पहुंच गईं और समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

अपना दल (कमेरावादी) के नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने विरोध प्रदर्शन रोकने के लिए कई पदाधिकारियों को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया। पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय पटेल, किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रधान और अन्य पदाधिकारियों के घरों पर पुलिस तैनात रही। वहीं पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ई. पारुल पटेल से भी महिला पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की।

पार्टी के प्रदेश महासचिव गगन यादव ने आरोप लगाया कि वाराणसी और आसपास के जिलों में पार्टी पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट किया गया है और सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular