Homeउत्तर प्रदेशड्यूटी पर Reel बनाने वालों को CM योगी की सख्त चेतावनी, बोले-...

ड्यूटी पर Reel बनाने वालों को CM योगी की सख्त चेतावनी, बोले- यह घोर अनुशासनहीनता है

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश पुलिस को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 930 चयनित कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देते हुए ड्यूटी के दौरान रील बनाने की प्रवृत्ति पर कड़ी नाराजगी जताई।

लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार देखा जाता है कि पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के लिए रील बनाने में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी के समय इस तरह की गतिविधियां घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती हैं।

सीएम योगी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का पहला दायित्व अपने कर्तव्यों के प्रति सतर्क और गंभीर रहना है। यदि कोई कर्मचारी ड्यूटी छोड़कर रील बनाने में समय लगाता है तो यह उसकी जिम्मेदारी के प्रति लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिस कार्य के लिए नियुक्त किया गया है, उसी पर पूरी निष्ठा और एकाग्रता से काम करना चाहिए, तभी बेहतर परिणाम सामने आते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे व्यक्ति या विभाग अनावश्यक रूप से लोगों के बीच मजाक का विषय बने। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग बिना तथ्य जाने व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं, जबकि हर व्यक्ति यदि अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाए तो सकारात्मक परिणाम स्वतः दिखाई देंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तकनीकी दक्षता से लैस ये युवा उत्तर प्रदेश पुलिस को और अधिक आधुनिक, प्रभावी और जनोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी इस भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को अवसर देना, उनकी प्रतिभा को सम्मान देना और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाना डबल इंजन सरकार की पहचान है। उन्होंने भरोसा जताया कि नवचयनित कंप्यूटर ऑपरेटर पुलिस व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने में योगदान देंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular