लखनऊ: बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सपाई बैलगाड़ी पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में शामिल कई कार्यकर्ता अर्धनग्न अवस्था में दिखाई दिए। उनका कहना था कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। ईंधन के बढ़ते दामों के कारण लोग अब आधुनिक वाहनों की बजाय बैलगाड़ी जैसे पारंपरिक साधनों का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं। इसी संदेश को जनता तक पहुंचाने के लिए उन्होंने बैलगाड़ी मार्च निकाला।
सपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है, जबकि युवाओं को बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण लगाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा और सरकार से जल्द समाधान की मांग की। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी।
