Homeउत्तर प्रदेशभीषण गर्मी ने बिगाड़ा इकाना का माहौल, भारत-अफगानिस्तान वनडे में खाली दिखीं...

भीषण गर्मी ने बिगाड़ा इकाना का माहौल, भारत-अफगानिस्तान वनडे में खाली दिखीं अधिकांश सीटें

लखनऊ: भारत और अफगानिस्तान के बीच अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले पर भीषण गर्मी का साफ असर देखने को मिला। आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान दर्शकों से खचाखच भरा रहने वाला स्टेडियम इस बार मुकाबला शुरू होने के बाद भी काफी हद तक खाली नजर आया।

दोपहर 1:30 बजे मैच शुरू होने के समय लखनऊ का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। तेज धूप और उमस के चलते बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने स्टेडियम पहुंचने से परहेज किया। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, मैच शुरू होने तक स्टेडियम की क्षमता के मुकाबले केवल करीब 10 प्रतिशत दर्शक ही पहुंचे थे।

हालांकि, इसके बावजूद क्रिकेट के हजारों उत्साही प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे। अलीगंज निवासी पंकज मिश्रा ने बताया कि वह रोहित शर्मा के बड़े प्रशंसक हैं और भीषण गर्मी के बावजूद अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को खेलते देखने का मौका नहीं छोड़ सकते।

वहीं, एपीआई अंसल कॉलोनी से मैच देखने पहुंचीं स्मिता अग्रवाल ने कहा कि क्रिकेट के प्रति उनकी रुचि उन्हें स्टेडियम तक खींच लाई, लेकिन भविष्य में ऐसे मुकाबलों का कार्यक्रम तय करते समय मौसम की परिस्थितियों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

खिलाड़ियों के लिए विशेष इंतजाम

गर्मी की गंभीरता को देखते हुए मैच अधिकारियों ने पहली पारी में खिलाड़ियों के लिए तीन ड्रिंक्स ब्रेक निर्धारित किए हैं। ये ब्रेक दोपहर 2:30 बजे, 3:30 बजे और शाम 4:30 बजे दिए जाएंगे, ताकि खिलाड़ी गर्मी और डिहाइड्रेशन से बच सकें। दूसरी पारी में तापमान कम होने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था लागू नहीं रहेगी।

मैच का हाल

मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। खबर लिखे जाने तक भारत ने 4.4 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 37 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए, जबकि रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर टिके हुए थे। रोहित शर्मा 18 रन और शुभमन गिल 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।

अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि शाम ढलने के साथ दर्शकों की संख्या में कितना इजाफा होता है और क्या स्टेडियम में मैच का रोमांच अपने चरम तक पहुंच पाता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular