Homeउत्तर प्रदेशआगरा में तालाब की भूमि पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मंदिर, मस्जिद...

आगरा में तालाब की भूमि पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मंदिर, मस्जिद और मजार हटाई गई

रिपोर्ट : – ममता भारद्वाज

आगरा: आगरा के सदर तहसील क्षेत्र स्थित जगदीशपुरा थाना इलाके के अंगूठी गांव में प्रशासन ने तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान चलाया। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेशों के अनुपालन में तालाब की जमीन पर बने अवैध निर्माणों को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की गई।

प्रशासन की ओर से चलाए गए इस अभियान के दौरान तालाब की भूमि पर बने मंदिर, मस्जिद और मजार को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई थी।

अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाकर तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। मौके पर कई थानों की पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे तथा पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।

कार्रवाई के दौरान गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। पुलिस ने इलाके में पैदल गश्त भी की ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

सचिन राजपूत, एसडीएम सदर आगरा

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय और एनजीटी के आदेशों के अनुपालन में की गई है। अभियान को पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया और स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई।

सदर एसडीएम सचिन राजपूत ने बताया कि तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

RELATED ARTICLES

Most Popular