Homeउत्तर प्रदेशकिसानों की समस्याओं को लेकर कृषि निदेशालय पहुंचे राष्ट्रीय किसान मंच के...

किसानों की समस्याओं को लेकर कृषि निदेशालय पहुंचे राष्ट्रीय किसान मंच के पदाधिकारी, सौंपा ज्ञापन

लखनऊ। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को राष्ट्रीय किसान मंच का एक प्रतिनिधिमंडल कृषि निदेशालय पहुंचा और कृषि निदेशक को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। इस दौरान किसानों ने खाद की कमी, बीजों की उपलब्धता और कृषि विभाग के विभिन्न ऑनलाइन ऐप्स के सुचारू रूप से संचालित न होने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

राष्ट्रीय किसान मंच के अध्यक्ष शहर दीक्षित के दिशा-निर्देशन में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों और किसानों ने कृषि विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार बाबा, प्रदेश प्रभारी मोहित मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता शंभू राय, प्रदेश महासचिव भारतेंदु मिश्र, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन दुबे, हरदोई जिला अध्यक्ष सुबोध यादव, उन्नाव के पूर्व जिला अध्यक्ष मुफिस सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

प्रदेश प्रवक्ता शंभू राय ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। वहीं प्रदेश प्रभारी मोहित मिश्रा ने कहा कि देश का अन्नदाता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है और सरकार को किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखानी चाहिए।

प्रदेश उपाध्यक्ष पवन दुबे ने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचा रहे हैं, लेकिन यदि उनकी सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

प्रदेश महासचिव भारतेंदु मिश्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर जिलों में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो किसान हल-बैल लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

किसानों ने कृषि विभाग से जल्द कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान की मांग की है। वहीं अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular