Homeउत्तर प्रदेशमोहर्रम 2026: राजधानी में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, 5 जोन और 18 सेक्टर...

मोहर्रम 2026: राजधानी में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, 5 जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया शहर

लखनऊ। मोहर्रम 2026 के दौरान शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 5 जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। चौक, ठाकुरगंज, सआदतगंज, बाजारखाला, वजीरगंज और अमीनाबाद समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। ताजिया जुलूसों, मजलिसों और कर्बला स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है।

मोहर्रम ड्यूटी के लिए 4 डीसीपी, 19 एडीसीपी और 52 एसीपी सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 91 निरीक्षक, 1104 उपनिरीक्षक तथा 2477 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। विशेष सुरक्षा के लिए 14 कंपनी और 2 प्लाटून पीएसी भी तैनात की गई है।

ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार ने बताया कि सभी जुलूस मार्गों का सत्यापन कर लिया गया है। प्रमुख मार्गों पर पुलिस पिकेट और मोबाइल गश्त की व्यवस्था की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष निगरानी की व्यवस्था भी रहेगी। आयोजन समितियों और धर्मगुरुओं के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है।

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों, एंटी रोमियो स्क्वॉड, पिंक पेट्रोल और यूपी-112 की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। ये टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर निगरानी रखेंगी।

लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से भी मजबूत किया है। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक और सांप्रदायिक पोस्ट करने वालों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों, ताजियादारों और आयोजन समितियों से निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मोहर्रम के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular