Homeउत्तर प्रदेश15 साल पुराने विवाद में बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या, बेटे को...

15 साल पुराने विवाद में बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या, बेटे को भी गंभीर रूप से घायल किया

लखनऊ। राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित मवई पड़ियाना गांव में बुधवार रात पुरानी रंजिश के चलते 75 वर्षीय नेत्रहीन बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में उनका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

मृतका की पहचान सियावती रावत (75) के रूप में हुई है। घायल राजेंद्र रावत ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले वह पड़ोसी की पत्नी के साथ राजस्थान चला गया था। लगभग एक वर्ष बाद दोनों वापस लौट आए और अपने-अपने घरों में रहने लगे। इसके बावजूद इस घटना को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद और तनाव बना रहा।

राजेंद्र के अनुसार, बुधवार रात करीब 9 बजे मजदूरी कर घर लौटने के दौरान पड़ोसी मनोहर की पत्नी बसंती, उसके बेटे धर्मेंद्र और गोविंद तथा मनोहर के भाई पंचम ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

जान बचाने के लिए राजेंद्र अपने मकान की छत पर भागा, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और उसकी पिटाई जारी रखी। इस दौरान उसकी नेत्रहीन मां सियावती उसे बचाने के लिए बीच में आ गईं। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सियावती को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राजेंद्र का उपचार किया गया।

पीड़ित के भाई रवि रावत की तहरीर पर बंथरा थाने में धर्मेंद्र, गोविंद, बसंती और पंचम के खिलाफ हत्या और मारपीट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने धर्मेंद्र, गोविंद और पंचम को हिरासत में ले लिया है। घायल धर्मेंद्र अस्पताल में भर्ती है, जहां पुलिस निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular