Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में बढ़ेगी गर्मी की मार, अगले 3 दिन हीटवेव का अलर्ट;...

लखनऊ में बढ़ेगी गर्मी की मार, अगले 3 दिन हीटवेव का अलर्ट; पारा 43°C के पार जाने के आसार

लखनऊ में गुरुवार सुबह से तेज धूप और उमसभरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार आज शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने 19 से 21 जून तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान लगातार बढ़ते हुए 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले पांच दिनों तक लखनऊ में बारिश की कोई संभावना नहीं है। 23 जून के बाद आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन वर्षा के आसार फिलहाल नहीं दिख रहे हैं। बढ़ती नमी के कारण उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों को अधिक परेशान करेगी।

उधर, मानसून के आगमन से पहले प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। पूर्वांचल के जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। प्रयागराज, वाराणसी और बलिया समेत कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं लखनऊ, कानपुर और नोएडा जैसे मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहने के बावजूद हवा में बढ़ी नमी लोगों को बेहाल कर रही है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मानसून की सक्रिय बारिश के बाद ही मिलेगी, जिसकी संभावना 24 से 25 जून के बीच जताई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular