Homeउत्तर प्रदेशउन्नाव में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- मेरे लिए 25...

उन्नाव में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- मेरे लिए 25 करोड़ प्रदेशवासी ही परिवार

उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव में 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल अपने परिवार तक सीमित रहे, जबकि उनकी सरकार पूरे प्रदेश को अपना परिवार मानकर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा नेहरू-गांधी परिवार की राजनीति की, जबकि समाजवादी पार्टी का ध्यान केवल सैफई तक सीमित रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार माना है और उनके लिए उत्तर प्रदेश ही घर है तथा 25 करोड़ प्रदेशवासी उनके परिवार के सदस्य हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पिछले वर्षों में विकास और सुशासन के क्षेत्र में ऐसे कार्य किए हैं, जिन्हें पूर्ववर्ती सरकारें नहीं कर सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में प्रदेश में माफिया और अपराधियों का बोलबाला था, जबकि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया है।

सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के नेताओं को गरीबों की चिंता नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल गरीबों के बजाय माफियाओं के प्रति अधिक संवेदनशील दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्नाव के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले की कनेक्टिविटी लगातार बेहतर की जा रही है। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और नए पुलों के निर्माण से क्षेत्र को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल चलाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन का हिस्सा बनाया गया है, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने उन्नाव की ऐतिहासिक, साहित्यिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और साहित्यकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

RELATED ARTICLES

Most Popular