Homeउत्तर प्रदेशउन्नाव में 570 करोड़ से अधिक की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण...

उन्नाव में 570 करोड़ से अधिक की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद उन्नाव में विधानसभा सदर उन्नाव और भगवंत नगर क्षेत्र की 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत आज दुनिया में गौरव के साथ अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश और उत्तर प्रदेश एक बदले हुए, विकासोन्मुख परिवेश में आगे बढ़ रहे हैं, जहां हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और संकट के समय भारत ने प्रभावी नेतृत्व के चलते न केवल अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत रखा, बल्कि दुनिया के लिए एक मिसाल भी पेश की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आस्था के सम्मान के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को भी निरंतर सशक्त किया जा रहा है तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है।

उन्होंने बताया कि उन्नाव के विकास से जुड़े सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकार किया गया है। लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली को जोड़ने के लिए रिंग रोड निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव अब चारों ओर से 4-लेन कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है और गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से यहां से सीधे दिल्ली और प्रयागराज तक आवागमन संभव हो गया है। इसके साथ ही कानपुर-लखनऊ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण भी प्रगति पर है।

उन्होंने यह भी बताया कि गंगा नदी पर अतिरिक्त पुलों के निर्माण की मांग के अनुसार कार्य किया जाएगा, जिससे उन्नाव और कानपुर की कनेक्टिविटी और बेहतर हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और गंगा एक्सप्रेसवे पर औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन का हिस्सा बनाया गया है, जिससे अब इसका विकास केवल लखनऊ तक सीमित न रहकर कानपुर तक विस्तारित होगा।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में विभिन्न जनपदों में औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने के लिए व्यापक कार्य योजना तैयार की जा रही है, जिससे वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और आवास की चाबियां भी प्रदान कीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे गरीब, किसान, महिला और युवाओं तक पहुंच रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular