लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बढ़ते ट्रैफिक और शहीद पथ पर वाहनों के दबाव को कम करने के लिए एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। अब शहीद पथ पर करीब 22 से 23 किलोमीटर लंबी दूसरी फोरलेन एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है।
इस संबंध में लखनऊ के सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर परियोजना की संस्तुति दी है। गुरुवार को सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार से मुलाकात कर परियोजना पर चर्चा की।
एलडीए वीसी ने बताया कि इस एलिवेटेड रोड के बनने के बाद अमौसी एयरपोर्ट से लेकर कमता चौराहा (अयोध्या रोड) तक का सफर सिग्नल-फ्री हो जाएगा। इससे इकाना स्टेडियम, सुलतानपुर रोड और लुलु मॉल जाने वाले यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी, खासकर मैच और वीकेंड के दौरान।
परियोजना की डीपीआर तैयार होने के बाद केंद्र सरकार से बजट मंजूरी मिलने पर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रोजेक्ट लखनऊ की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह बदल देगा और शहर को डबल डेकर एलिवेटेड रोड वाला पहला शहर बना सकता है।
इसके साथ ही एलिवेटेड रोड को आउटर रिंग रोड और किसान पथ से भी जोड़ा जाएगा, जिससे कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
गोमती नदी में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की तैयारी
इसी बीच, लखनऊ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गोमती नदी में 100 सीटर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनाने की योजना भी आगे बढ़ रही है। जल परिवहन प्राधिकरण ने इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी एलडीए को सौंपी है।
करीब 4 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के लिए पहले चरण में 2.81 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। एलडीए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर चयन करेगा। इसके साथ ही जल परिवहन प्राधिकरण ने हर महीने समीक्षा बैठक करने का भी निर्णय लिया है।
