दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को अभिनेता Salman Khan की उस याचिका पर सुनवाई टाल दी, जिसमें उन्होंने आगामी फिल्म Kala Hiran: The Battle for Legacy की शूटिंग, प्रमोशन और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। मामले की अगली सुनवाई अब 1 जुलाई को होगी।
इस मामले की सुनवाई जस्टिस Madhu Jain की वेकेशन बेंच ने की। फिल्म निर्माताओं की ओर से पेश वकील ने जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा, जिसके बाद अदालत ने सुनवाई स्थगित कर दी।
सलमान खान की ओर से क्या दलील दी गई?
सलमान खान की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता Sandeep Sethi ने अदालत से अंतरिम राहत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माता अभिनेता की अनुमति के बिना उनकी जिंदगी और सार्वजनिक पहचान का व्यावसायिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
सेठी ने कोर्ट में कहा कि फिल्म उनके मुवक्किल के जीवन पर आधारित है और निर्माता बिना अनुमति उनके नाम और छवि का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म के टीजर के रिलीज होने का हवाला देते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की।
फिल्म निर्माताओं का पक्ष
फिल्म निर्माताओं के वकील ने अदालत को बताया कि उन्हें सलमान खान की मुख्य याचिका की प्रति प्राप्त नहीं हुई है। उनका कहना था कि उन्हें केवल आवेदन की कॉपी मिली थी, इसलिए जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया जाए।
इस पर अदालत ने सलमान खान के वकील को निर्देश दिया कि वे याचिका की प्रति प्रतिवादियों को उपलब्ध कराएं। हालांकि, सलमान पक्ष ने कहा कि सभी संबंधित पक्षों को पहले ही सूचना दी जा चुकी है और अदालत में सर्विस का हलफनामा भी दाखिल किया गया है।
क्यों मांगी गई फिल्म पर रोक?
सलमान खान ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि फिल्म का पोस्टर और प्रचार सामग्री उनके पर्सनैलिटी राइट्स (Personality Rights) का उल्लंघन करती है। अभिनेता का कहना है कि उनके नाम, छवि और सार्वजनिक पहचान का इस्तेमाल बिना अनुमति व्यावसायिक लाभ के लिए किया जा रहा है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि फिल्म और उससे जुड़ा प्रमोशनल कंटेंट उनकी प्रतिष्ठा और कानूनी अधिकारों को प्रभावित कर सकता है। इससे पहले हाईकोर्ट इस मामले में फिल्म निर्माता Amit Jani और अन्य पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर चुका है।
