Homeमनोरंजनसिंगर कनिका कपूर का पति गौतम से अलग होने का ऐलान, चार...

सिंगर कनिका कपूर का पति गौतम से अलग होने का ऐलान, चार साल पहले हुई थी शादी

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

बेबी डॉल’ और ‘चिट्टियां कलाइयां’ जैसे हिट गाने गाने वालीं सिंगर कनिका कपूर ने अपने पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने का ऐलान किया है। दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। कनिका ने मंगलवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बयान जारी कर इस फैसले की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की।

कनिका ने अपने बयान में लिखा कि काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने और उनके पति ने अलग-अलग रहने का फैसला किया है। साथ बिताए समय के लिए वह आभारी हैं और गौतम के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हैं। उन्होंने परिवार और दोस्तों से इस समय उन्हें समझने और प्राइवेसी बनाए रखने की अपील भी की।

तीसरे व्यक्ति के शामिल होने की अफवाहों को नकारा

कनिका ने अपने रिश्ते में किसी तीसरे व्यक्ति के शामिल होने की खबरों को गलत बताया है। ‘मुंबई मिरर’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी में कोई दूसरा व्यक्ति नहीं है और जहां तक उन्हें जानकारी है, गौतम की जिंदगी में भी कोई और नहीं है।

कनिका ने कहा कि यह उनका दूसरा तलाक है, इसलिए इस बार भी उन्हें दुख और निराशा हुई है। उन्होंने उन खबरों को भी गलत बताया, जिनमें कहा जा रहा था कि वह लागोस में नहीं रहना चाहती थीं। उनका कहना है कि शादी टूटने पर अक्सर महिला को जिम्मेदार ठहरा दिया जाता है, जबकि शादी के भीतर क्या हुआ, यह सिर्फ पति-पत्नी ही जानते हैं।

सिंगर ने बताया कि वह फिलहाल मुंबई में हैं और तीन प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी उनके पास है। कनिका चाहती हैं कि भविष्य में गौतम के साथ उनके संबंध अच्छे बने रहें।

पहली शादी से हैं तीन बच्चे

कनिका कपूर की पहली शादी लंदन में रहने वाले डॉक्टर जसप्रीत सिंह चंडोक से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। साल 2012 में उनका तलाक हो गया था। इसके बाद कनिका अपने सिंगिंग करियर को आगे बढ़ाने के लिए मुंबई आ गईं।

कनिका का जन्म 21 अगस्त 1978 को लखनऊ में हुआ था। उन्होंने बचपन से ही संगीत सीखना शुरू कर दिया था। 12 साल की उम्र में उन्होंने शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग ली। इसके बाद लखनऊ के भातखंडे संगीत संस्थान से संगीत में ग्रेजुएशन और मास्टर्स की पढ़ाई की।

‘बेबी डॉल’ गाने से मिली बॉलीवुड में पहचान

कनिका ने शादी के बाद करीब 14-15 साल तक संगीत से दूरी बनाए रखी। साल 2012 में तलाक के बाद उन्होंने दोबारा सिंगिंग में करियर बनाने का फैसला किया। इसी साल उनका म्यूजिक वीडियो ‘जुगनी जी’ रिलीज हुआ।

साल 2014 में फिल्म ‘रागिनी MMS 2’ के गाने ‘बेबी डॉल’ से उन्हें बॉलीवुड में बड़ी पहचान मिली। यह गाना सुपरहिट रहा और इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।

इसके बाद कनिका ने ‘हैप्पी न्यू ईयर’ का ‘लवली’, ‘रॉय’ का ‘चिट्टियां कलाइयां’, ‘एक पहेली लीला’ का ‘देसी लुक’ और ‘हेट स्टोरी 3’ का ‘नींदें खुल जाती हैं’ जैसे कई लोकप्रिय गाने गाए।

साल 2019 में वह सिंगिंग रियलिटी शो ‘द वॉयस’ के तीसरे सीजन में जज बनीं। वहीं, साल 2025 में वह ‘साउंड्स ऑफ कुंभ’ एल्बम से भी जुड़ीं। इसमें उनके गानों ‘दुर्गा ट्रांस’ और ‘द लीजेंड ऑफ कुंभा’ को पहचान मिली।

RELATED ARTICLES

Most Popular