जम्मू-कश्मीर के शाही परिवार में हुई शादी इन दिनों चर्चा में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद दुल्हन रिया बादल के लुक ने लोगों का ध्यान खींचा। पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की बेटी रिया लाल रंग के भारी-भरकम लहंगे में किसी राजकुमारी से कम नहीं दिखीं। वहीं, दूल्हे राजकुमार मार्तंड सिंह भी शाही अंदाज में नजर आए।
राजकुमार मार्तंड सिंह, युवराज विक्रमादित्य सिंह और युवरानी चित्रांगदा राजे के बेटे हैं। वह डॉ. करण सिंह के पोते हैं। यही वजह है कि इस शादी में कई बड़ी हस्तियों की मौजूदगी रही। प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचने के बाद समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गईं।
![]()
रेड और गोल्डन रंग में दिखा शाही अंदाज
शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सफेद कुर्ता, चूड़ीदार और हाफ जैकेट पहने नजर आए। वहीं, दूल्हा-दुल्हन ने अपने खास दिन के लिए रेड और गोल्डन रंगों का चुनाव किया। रिया ने लाल रंग का हैवी ब्राइडल लहंगा पहना, जबकि राजकुमार मार्तंड सिंह रेड और गोल्डन शेड की शेरवानी में नजर आए। दोनों के आउटफिट्स में रंगों का तालमेल साफ दिखाई दिया।
भारी कढ़ाई वाले लहंगे ने खींचा ध्यान
रिया के ब्राइडल लहंगे पर बारीक और हैवी एम्ब्रॉयडरी की गई थी। लहंगे पर गोल्डन धागों से पारंपरिक फूलों और बेल-बूटों की कारीगरी नजर आई। इसके बड़े घेर और बारीक डिजाइन ने उनके लुक को खास बनाया।
लहंगे के साथ रिया ने डीप नेकलाइन वाला हैवी एम्बेलिश्ड ब्लाउज पहना। इसकी छोटी स्लीव्स और बॉर्डर पर लाल मोतियों की डिटेलिंग थी। रेड और गोल्डन का यह कॉम्बिनेशन उनके पूरे ब्राइडल लुक को रॉयल टच दे रहा था।
