Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश यादव पर पंकज चौधरी का हमला, बोले- ‘रणछोड़’ हैं सपा अध्यक्ष

अखिलेश यादव पर पंकज चौधरी का हमला, बोले- ‘रणछोड़’ हैं सपा अध्यक्ष

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुनाव लड़ने को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘रणछोड़’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष विधानसभा चुनाव लड़ने से बच रहे हैं।

पंकज चौधरी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘रणछोड़ अखिलेश, पहले चुनौती दी, अब भाग खड़े हुए। अब क्या सीधे लोकसभा से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे? यह बिल्कुल वैसी ही बात है जैसे बिना चुनाव के रिजीम चेंज। यही सपाइयों की सच्चाई है। जब सत्ता में थे तब नोएडा जाने से डरते थे। अब चुनाव लड़ने से डर रहे हैं।’

अखिलेश के बयान पर भाजपा का पलटवार

दरअसल, अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी दौरे के दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि वह मुख्यमंत्री तब बनते हैं, जब चुनाव नहीं लड़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह वही करेंगे, जो उनके लिए शुभ होगा।

अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया था कि 15 मार्च 2012 को जब वह पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे, तब वह कन्नौज से लोकसभा सांसद थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता छोड़ दी थी और विधान परिषद के सदस्य बने थे।

अखिलेश के इसी बयान को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन पर निशाना साधा है। विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी से प्रदेश का सियासी माहौल गर्माने लगा है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular