Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या दौरे पर सीएम योगी, रामलला और हनुमानगढ़ी में किए दर्शन

अयोध्या दौरे पर सीएम योगी, रामलला और हनुमानगढ़ी में किए दर्शन

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने विकास योजनाओं की सौगात देने के साथ भगवान श्रीराम और संकटमोचन हनुमान के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी गए। यहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद बाहर निकलते समय मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।

हनुमानगढ़ी में मुख्यमंत्री योगी ने संत-महंतों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने विभिन्न संतों से संवाद कर धार्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा भी की। संतों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उनके स्वस्थ और सफल नेतृत्व की कामना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला विराजमान के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। रामलला के दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उनके दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular