मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मणिरामदास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज के 88वें जन्मोत्सव समारोह में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी अयोध्या में रामलला के दर्शन तक करने नहीं आए, वे आज रामभक्ति की बात कर रहे हैं।
अयोध्या धाम और श्रीराम जन्मभूमि को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश रची जा रही है, लेकिन सत्य सामने लाने के लिए गठित एसआईटी दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब भारत ने विकास, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास किया है, तब-तब राष्ट्रविरोधी शक्तियों ने देश को कमजोर करने और विकास की गति को बाधित करने के लिए षड्यंत्र रचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी अयोध्या धाम, श्रीराम जन्मभूमि और सनातन परंपरा को निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
विपक्ष के दोहरे चरित्र पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि जो लोग भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े करते थे, अदालतों में उनके अस्तित्व को मिथक बताते थे और रामभक्तों पर कार्रवाई करवाते थे, वही आज रामभक्ति का दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के दोहरे चरित्र से समाज को सावधान रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर सरकार ने एसआईटी का गठन कर दिया है और जांच पूरी निष्पक्षता के साथ होगी। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह या दुष्प्रचार का हिस्सा न बनने की अपील भी की।
कुंभ और सनातन पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कुंभ मेले को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सनातन धर्म समरसता और समानता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संगम में संत भी स्नान करता है और सफाईकर्मी भी। यही सनातन की सबसे बड़ी विशेषता है।उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए जिन लोगों ने कुंभ को अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया था, वे आज सनातन पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे लोगों को देश और समाज पहचान चुका है।
अयोध्या की बदली तस्वीर का किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या पूरी दुनिया में आस्था और सांस्कृतिक विरासत के केंद्र के रूप में स्थापित हो चुकी है। कुछ वर्ष पहले तक यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, लेकिन आज भव्य राम मंदिर, विकसित अवसंरचना और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण अयोध्या वैश्विक पहचान बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन प्रभु श्रीराम की कृपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है। आज अयोध्या का नाम सुनते ही लोगों के मन में श्रद्धा और सम्मान का भाव जागृत होता है।
श्रद्धालुओं के उत्साह में नहीं आई कोई कमी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर कई तरह की भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं, लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं राम मंदिर और हनुमानगढ़ी जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी।
उन्होंने कहा कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह पहले की तरह बना हुआ है और रामनगरी लगातार देश-दुनिया के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है।
धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार देश, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह सरकार किसी भी परिस्थिति में सनातन परंपराओं और राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण करने और समाज को जोड़ने का आह्वान किया।
