मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या अब उपेक्षित और तिरस्कृत नहीं रही। आज रामनगरी अपनी भव्यता और आध्यात्मिक गौरव के साथ विश्व पटल पर नई पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि अब कोई रामभक्तों पर लाठी-गोली नहीं चला सकता और न ही भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठा सकता है।
o
मुख्यमंत्री शुक्रवार को नगर निगम अयोध्या में 290 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 245 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रामायण वैक्स म्यूजियम और जोनल कार्यालय भवन का भी उद्घाटन किया तथा नगर निगम की विकास पुस्तिका का विमोचन किया।

सीएम योगी ने कहा कि करीब 40 वर्ष पहले जब उन्हें अयोध्या आने का अवसर मिला था, तब यहां की स्थिति देखकर उन्हें गहरी पीड़ा हुई थी। उस समय रामजन्मभूमि आंदोलन के चलते माहौल संघर्षपूर्ण था और विकास की संभावनाएं सीमित थीं। आज वही अयोध्या देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और अयोध्या का गौरव पुनर्स्थापित हुआ। वर्ष 2017 के बाद से अयोध्या के कायाकल्प के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं। आज शहर फोरलेन सड़कों, डबल रेलवे लाइन और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी आधुनिक सुविधाओं से जुड़ चुका है।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर अयोध्या की छवि देश-दुनिया में सकारात्मक संदेश देती है। उन्होंने कहा कि यहां के नागरिक केवल एक नगर के निवासी नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के प्रतिनिधि हैं।
उन्होंने कहा कि दीपोत्सव ने अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाई है। आज लाखों लोग इस आयोजन का हिस्सा बनते हैं और पूरी दुनिया रामनगरी की सांस्कृतिक भव्यता को देखती है।
मुख्यमंत्री ने कुछ लोगों पर अयोध्या की छवि खराब करने और समाज में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के कार्यों से विरोधियों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अयोध्या के विकास के लिए 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की हैं और भविष्य में भी विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने नगर निगम द्वारा पीपीपी मॉडल पर विकसित रामायण वैक्स म्यूजियम, शिवालिक पार्क और अन्य नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अयोध्या को नई पहचान देने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देंगे।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक नागरिक से पौधारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली सफाई कर्मचारी ललिता देवी, रागिनी और गीता देवी को सम्मानित किया।इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेदप्रकाश गुप्त, अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, अभय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
