मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए संचालित स्पोर्ट्स कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश हेतु मुख्य चयन परीक्षा की मेरिट सूची जारी कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेजेज सोसाइटी के अंतर्गत संचालित गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई, स्पोर्ट्स कॉलेज सहारनपुर और स्पोर्ट्स कॉलेज फतेहपुर में कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है।
प्रदेश के पांचों स्पोर्ट्स कॉलेजों में 14 खेलों की कुल 518 सीटों के लिए 558 खिलाड़ियों की मेरिट सूची जारी की गई है। इनमें 391 खिलाड़ियों का चयन मुख्य सूची में किया गया है, जबकि 167 खिलाड़ियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का ऑनलाइन मूल्यांकन कर अंक प्रदान किए हैं।
अगले चरण में चयनित खिलाड़ियों की जैविक आयु जांच और मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट और फुटबॉल के खिलाड़ियों की जांच लखनऊ स्थित सीएमओ कार्यालय में होगी। जिम्नास्टिक्स, हॉकी, जूडो, वॉलीबॉल और कुश्ती के खिलाड़ियों की जांच गोरखपुर में कराई जाएगी, जबकि कबड्डी, तैराकी, हैंडबॉल, बॉक्सिंग और भारोत्तोलन के खिलाड़ियों की जांच सैफई/इटावा में होगी।
जैविक आयु जांच और मेडिकल परीक्षण में सफल खिलाड़ियों को काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद अंतिम प्रवेश दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज प्रबंधन समिति के सचिव एवं लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने बताया कि सफल अभ्यर्थियों को नियमानुसार काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा, जिसकी सूचना अलग से जारी की जाएगी
इस वर्ष स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश के लिए रिकॉर्ड आवेदन प्राप्त हुए हैं। कुल 518 सीटों के लिए करीब 2600 छात्रों ने आवेदन किया, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है। साथ ही इस सत्र से फतेहपुर और सहारनपुर में दो नए स्पोर्ट्स कॉलेज भी शुरू हो रहे हैं, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
