मुंबई में भारी बारिश के बीच लोकल ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच चलती लोकल ट्रेन में हुई, जहां दरवाजा बंद करने को लेकर दो यात्रियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को चाकू मार दिया गया।
घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय मयंक लोहार के रूप में हुई है। वह चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में यात्रा कर रहा था। इसी दौरान एक अन्य यात्री के साथ उसकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि बहस के दौरान दूसरे यात्री ने मयंक के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेन जब रात करीब 11:04 बजे बोरीवली स्टेशन पहुंची तो आरोपी ट्रेन रुकने से पहले ही मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मचारियों ने घायल युवक को कोच से बाहर निकालकर स्टेशन के इमरजेंसी मेडिकल रूम पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उसे एम्बुलेंस से कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल रेफर किया गया।
वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि रेलवे स्टाफ ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घायल यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी रात हालात पर नजर रखी और जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य सुरक्षित कर लिए गए।
फिलहाल जीआरपी ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर हमलावर की पहचान करने में जुटी हुई है।
