Homeउत्तर प्रदेशतामेश्वरनाथ धाम को मिलेगा भव्य कॉरिडोर, CM योगी ने 475 करोड़ की...

तामेश्वरनाथ धाम को मिलेगा भव्य कॉरिडोर, CM योगी ने 475 करोड़ की 139 विकास परियोजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत कबीर नगर के कुआनो नदी तट स्थित श्री बैजूनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तामेश्वरनाथ धाम को भव्य कॉरिडोर के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार तामेश्वरनाथ धाम को काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या धाम और मां विंध्यवासिनी धाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।

इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत कबीर नगर और गोरखपुर जनपद की 475 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 139 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इनमें धनघटा विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 225 करोड़ रुपये तथा खजनी विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 251 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तर प्रदेश के 6.18 लाख नए पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के मकान की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने इसे गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाला फैसला बताया।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण से धनघटा और खजनी जैसे क्षेत्र सीधे राजधानी लखनऊ से जुड़ गए हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क, नए पुल और संपर्क मार्गों के कारण विकास की रफ्तार तेज हुई है।

वहीं धुरियापार क्षेत्र में ग्रेटर गीडा के विस्तार से उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बखिरा झील का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे रामसर साइट और इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सरकार लगातार निवेश कर रही है।

नए डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई तथा विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के जरिए पात्र लोगों तक सरकारी लाभ पहुंचाया जा रहा है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के साथ-साथ सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है।

कार्यक्रम में मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक गणेश चंद्र चौहान, श्रीराम चौहान, अंकुर राज तिवारी, अनिल त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधिऔर अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular