राजधानी के मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार रात एक 35 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन के एक रेलकर्मी ने घटना की सूचना दी। रेलकर्मी ने बताया कि ट्रेन संख्या 14216 डाउन ग्राम बिदौवा के पास से गुजर रही थी, तभी एक महिला अचानक रेलवे ट्रैक पर लेट गई और ट्रेन की चपेट में आ गई।
108 एंबुलेंस की मदद से महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी पहचान निगोहां थाना क्षेत्र के अहमदपुर खालसा निवासी अजय की पत्नी कंचन (35) के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में महिला के रेलवे ट्रैक पर लेटने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
