लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा थाना क्षेत्र के टांड़ खेड़ा गांव में शनिवार को बदहाल सड़कों के विरोध में पूर्व बीडीसी सदस्य राजू यादव पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए। उनका आरोप है कि गांव की जर्जर सड़कों की मरम्मत और निर्माण को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
राजू यादव करीब एक घंटे से अधिक समय तक टंकी पर डटे रहे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
राजू यादव का कहना है कि गांव की सड़कें लंबे समय से खराब हालत में हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि प्रशासन की लगातार अनदेखी के कारण उन्हें विरोध का यह तरीका अपनाना पड़ा।
टंकी पर बैठे राजू यादव ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण या मरम्मत को लेकर जल्द ठोस आश्वासन नहीं मिला तो वह आत्मघाती कदम उठा सकते हैं। हालांकि, प्रशासन लगातार उनसे बातचीत कर उन्हें शांत कराने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रहा है।
समाचार लिखे जाने तक राजू यादव टंकी पर ही मौजूद थे और पुलिस-प्रशासन की ओर से वार्ता जारी थी।
