जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर क्षेत्र में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। ताला मोड़ इलाके में नाले की खुदाई के दौरान पास स्थित एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक ढह गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका के बीच राहत और बचाव कार्य जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल जेसीबी और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाले की खुदाई के चलते इमारत की दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके बाद वह अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से आसपास काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी।
जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है, इसलिए रेस्क्यू अभियान जारी रखा गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रभावित मजदूरों में अधिकांश बिहार और झारखंड के रहने वाले हैं। प्रशासन उनकी पहचान और परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटा है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
