Homeउत्तर प्रदेशओबीसी युवाओं को मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण दे रही योगी सरकार, 10 जुलाई...

ओबीसी युवाओं को मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण दे रही योगी सरकार, 10 जुलाई तक करें आवेदन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए निःशुल्क ‘ओ’ लेवल और ‘सीसीसी’ कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। इस योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण 1 अगस्त 2026 से शुरू होगा।

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य ओबीसी युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण भारत सरकार की नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थानों में पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा।

योजना का लाभ केवल उन्हीं ओबीसी छात्र-छात्राओं को मिलेगा जिन्होंने इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया हो। इसके साथ ही अभिभावकों की वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। लाभार्थी किसी अन्य संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहा हो।

‘ओ’ लेवल कोर्स की अवधि एक वर्ष जबकि सीसीसी कोर्स तीन माह का है। सरकार ‘ओ’ लेवल प्रशिक्षण पर प्रति छात्र 15 हजार रुपये और सीसीसी प्रशिक्षण पर 3,500 रुपये का खर्च वहन करेगी।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के तहत 29,191 युवाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें 22,407 छात्रों ने ‘ओ’ लेवल और 6,784 छात्रों ने सीसीसी कोर्स पूरा किया। वर्तमान में प्रदेश में 299 चयनित संस्थान इस योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण दे रहे हैं।

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि 10 जुलाई से पहले विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं

RELATED ARTICLES

Most Popular