प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में त्वरित निवेश प्रोत्साहन नीति-2020 के तहत गठित इम्पावर्ड कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कोविड-19 त्वरित निवेश प्रोत्साहन नीति-2020 के अंतर्गत चार औद्योगिक इकाइयों को कुल 46.79 करोड़ रुपये की वित्तीय प्रोत्साहन राशि दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई।
साथ ही बैठक में नोडल एजेंसी पिकप की ओर से प्रदेश में मेगा परियोजनाओं को विशेष सुविधाएं और रियायतें उपलब्ध कराने से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
समिति ने विभिन्न कंपनियों को अलग-अलग अवधि के लिए प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की। इसमें जेके सीमेंट लिमिटेड, हमीरपुर को 29.59 करोड़ रुपये, कनोडिया सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड, अमेठी को 3.62 करोड़ रुपये, अंकुर उद्योग लिमिटेड, गोरखपुर को 10.38 करोड़ रुपये तथा यूनिलीवर इंडिया लिमिटेड, हमीरपुर को 3.20 करोड़ रुपये की राशि शामिल है।
बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव राज्य कर कामिनी रतन चौहान, इनवेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद, विशेष सचिव न्याय मनमीत सूरी, विशेष सचिव एमएसएमई शिशिर और पिकप के प्रबंध निदेशक चंद्र विजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
