Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में मौसम बदला, रिमझिम बारिश से गर्मी से राहत

लखनऊ में मौसम बदला, रिमझिम बारिश से गर्मी से राहत

राजधानी लखनऊ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मंगलवार सुबह सरोजनीनगर इलाके में करीब 10:45 बजे रिमझिम बारिश हुई, जबकि गोमतीनगर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। शहर के अन्य हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को तेज धूप और उमस से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने अनुमान जताया है कि आज लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मौसम में आए इस बदलाव से भीषण गर्मी और लू का असर कम होने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ने उत्तर प्रदेश में तराई बेल्ट के रास्ते प्रवेश कर लिया है और इसका असर अब कई जिलों में दिखने लगा है।

जानकारी के मुताबिक, मानसून ने सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर और बलिया जैसे जिलों से प्रदेश में एंट्री ली है और धीरे-धीरे यह अयोध्या, आजमगढ़ सहित कई जिलों तक पहुंच चुका है। इसका असर अब राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 3 से 4 दिनों में बारिश के चलते तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, 30 जून के बाद पूरे प्रदेश में लू का असर लगभग समाप्त होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular