मुंबई। बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और 80 के दशक की मशहूर ‘सेक्स सिंबल’ रहीं जीनत अमान ने लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर अपनी राय फिर से खुलकर रखी है। 74 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा है कि शादी से पहले कपल्स को साथ रहकर अपने रिश्ते को समझना चाहिए, क्योंकि लंबे और असफल विवाह से बेहतर है कि पहले कुछ साल साथ रहकर तालमेल परखा जाए।
एक हालिया इंटरव्यू में जीनत अमान ने कहा, “कानूनी कमिटमेंट करने से पहले यह जरूरी है कि आप यह जान लें कि क्या आप मानसिक और भावनात्मक रूप से एक-दूसरे के साथ तालमेल बिठा सकते हैं या नहीं। क्या आप 15 साल दुखी रहने के बजाय 5 साल खुश रहना पसंद नहीं करेंगे?”

उन्होंने यह भी कहा कि रिश्तों में हमेशा रोमांस बना नहीं रहता और समय के साथ समझौता, तालमेल और व्यवहारिकता जरूरी हो जाती है। उनके अनुसार, साथ रहकर यह समझा जा सकता है कि दो लोग वास्तव में एक-दूसरे के लिए सही हैं या नहीं।
जीनत अमान ने अपने निजी जीवन के अनुभवों का भी जिक्र किया। उन्होंने 1978 में अभिनेता संजय खान से शादी की थी, जो पहले से शादीशुदा थे। यह रिश्ता जल्द ही विवादों में आ गया और 1979 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने 1985 में अभिनेता मजहर खान से शादी की और 1998 में उनकी मृत्यु तक उनके साथ रहीं।
इससे पहले भी जीनत अमान ने सोशल मीडिया पर लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर अपनी राय साझा की थी, जिस पर उन्हें ट्रोलिंग और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। वहीं, उनकी इस सोच पर उस समय सायरा बानो और मुमताज जैसी अभिनेत्रियों ने भी प्रतिक्रिया दी थी।
![]()
जीनत अमान का कहना है कि वह यह सलाह अपने बेटों को भी देती हैं कि किसी भी रिश्ते में आगे बढ़ने से पहले साथ रहकर एक-दूसरे को अच्छी तरह समझना जरूरी है।
